० कन्या परिसर में शिफ्टिंग पर विवाद
(अर्जुन झा)जगदलपुर। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा स्थित एकलव्य विद्यालय गढ़िया में जगह की तंगी हो गई है। नतीजतन कुछ दिनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एकलव्य विद्यालय को भानपुरी एजुकेशन हब परिसर में संचालित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल में विद्यार्थियों के लिए जगह कम पड़ रही है। ऐसे में एकलव्य विद्यालय गढ़िया के विद्यार्थियों के लिए कन्या शिक्षा परिसर के छात्रावास में जगह उपलब्ध कराने की मांग सामने आई है। इस मांग को लेकर कन्या शिक्षा परिसर के विद्यार्थियों और कुछ पालकों ने विरोध जताया है।
कन्या परिसर छात्रावास में जगह देने और स्कूल शिफ्टिंग को लेकर दोनों संस्थानों के बीच टकराव की स्थिति निर्मित हो गई है। वहीं, अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और आवास व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अब पूरे मामले में प्रशासन के सामने दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों की पढ़ाई और आवासीय व्यवस्था को लेकर उचित समाधान निकालने की चुनौती है। हालात को देखते हुए बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त और खंड शिक्षा अधिकारी के साथ गढ़िया और लोहंडीगुड़ा स्थित छात्रावासों, कन्या परिसरों और अन्य विभागीय भवनों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने कहा कि छात्र छात्राओं की पढ़ाई निर्विघ्न जारी रखने तथा उनकी आवासीय व्यवस्था को सुचारु रखने हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बहरहाल विद्यार्थी और उनके पालक इस मुद्दे को लेकर चिंतित हैं।
कलेक्टर को देंगे जानकारी
हम लोगों ने स्थिति का जायजा लिया है, पालकों और विद्यार्थियों की चिंता समझी है। पूरी वस्तुस्थिति से कलेक्टर सर को अवगत कराएंगे और समाधान निकालेंगे।
-बीआर बघेल,
डीईओ, बस्तर