नागपुर से स्कूटी चोरी, छुईखदान में सराफा दुकान पर धावा; 44 लाख की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

खैरागढ़। जिले के छुईखदान में सराफा दुकान से हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले नागपुर से स्कूटी चुराई और उसी वाहन से छुईखदान पहुंचकर सराफा दुकान को निशाना बनाया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चांदी और सोने के आभूषण समेत करीब 44.75 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पहले की रेकी, फिर तोड़ा दुकान का शटर

मामला 14 अगस्त की रात जैन मोहल्ले में स्थित सराफा कारोबारी शांतिलाल जैन की दुकान से जुड़ा है। रात के समय आरोपियों ने दुकान के शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की गई।

दुकान की कमजोरी की पहले ही मिल गई थी जानकारी

जांच के दौरान पुलिस को महेन्द्र साहू की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले सराफा दुकान पर सामान खरीदने के बहाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने दुकान के शटर में मौजूद खराबी के बारे में जानकारी हासिल कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई। इसके बाद वह नागपुर गया, जहां अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई।

नागपुर से चुराई स्कूटी, फिर छुईखदान में वारदात

आरोपियों ने पहले नागपुर से होंडा एक्टिवा चोरी की। इसके बाद उसी वाहन से छुईखदान पहुंचकर सराफा दुकान की रेकी की गई। वारदात के दौरान आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी के तार काट दिए और शटर तोड़कर भीतर घुस गए।

दुकान से आभूषण समेटने के बाद आरोपी चोरी की स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक चोरी का माल छिपाने के लिए उसे नवागांव क्षेत्र के एक तालाब में रखा गया था।

22 किलो से ज्यादा चांदी बरामद

तकनीकी जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम नागपुर पहुंची और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा जब्त की है। बरामद सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पूर्व में चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल होने की जानकारी भी मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया और उनके साथ इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।