जगदलपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच बस्तर पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। साइबर जागृति अभियान के तहत थाना परपा पुलिस ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों और आम लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एसपी बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में डीएसपी चंद्रहास सिन्हा और थाना परपा प्रभारी निरीक्षक भोला सिंह राजपूत मौजूद रहे। विद्या ज्योति स्कूल और क्राइस्ट कॉलेज, जबकि तोकापाल स्थित नवीन महाविद्यालय में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तत्काल भरोसा नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर पीड़ित व्यक्ति तत्काल 1930 पर शिकायत कर सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।