चिड़पाल में 10 साल बाद यदुवंशियों ने की सनातन धर्म में वापसी

० घर वापसी करने वालों का यादव समाज ने किया जोरदार स्वागत 
०  वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन 
जगदलपुर। बस्तर जिले के दरभा विकासखंड की ग्राम पंचायत चिड़पाल में बस्तर जिला यादव समाज के तत्वावधान में 18 अगस्त को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सात लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर पुनः सनातन धर्म और अपने पारंपरिक सामाजिक रीति-रिवाजों को अपनाने की घोषणा की। यादव समाज ने इसे घर वापसी बताते हुए लौटे परिवार का स्वागत किया।


कार्यक्रम में चैतूराम यादव, कमलू राम यादव, चमरीन यादव, कचरी यादव, आराधना यादव, वीरेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव शामिल रहे। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार ये सभी करीब 10 वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहे थे। घर वापसी के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और शुद्धिकरण संस्कार कराया गया। धर्माचार्यों ने गायत्री मंत्र एवं गीता पाठ कराया और यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज तथा पूर्वजों की परंपराओं की जानकारी दी। इस अवसर पर बस्तर जिला यादव समाज के संरक्षक लच्छिन यादव, जिला अध्यक्ष सुकमन यादव, उपाध्यक्ष रघुवंश यादव और सचिव लखीराम यादव ने कहा कि धर्म संबंधी निर्णय व्यक्ति की अपनी इच्छा से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी पुरानी धार्मिक और सामाजिक परंपराओं में लौटने वाले परिवारों का समाज की ओर से सम्मान और सहयोग किया जाएगा।कार्यक्रम में यादव समाज के साथ सर्व समाज के ग्रामीण भी शामिल हुए। इस दौरान भागीरथी यादव, परवेश यादव, संतोष यादव, बावड़ू यादव, तूलाराम यादव, रामधर यादव, सोंसाय यादव, उग्रसेन यादव, सिबो मरकाम, सरपंच गीता बघेल, उपसरपंच सूकरुराम कश्यप, पूर्व सरपंच पीलू राम कश्यप और माटी पुजारी कूरसो राम मौर्य सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।घर वापसी करने वाले परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने पारंपरिक संस्कारों और त्योहारों को याद कर रहे थे। अपने समाज और पूर्वजों की धार्मिक परंपराओं में लौटकर उन्हें आत्मिक शांति और संतोष महसूस हो रहा है।