0 झीरम तक निकली भाजपा युवा मोर्चा की तिरंगा यात्रा, शहीदों को किया नमन
0 अतिसंवेदनशील रहे क्षेत्र दरभा में पहली बार निकली तिरंगा यात्रा
0 इसी जगह नक्सलियों ने की थी कांग्रेस नेताओं और जवानों की हत्या
जगदलपुर। जिस जमीन पर गोलियों की खौफनाक तड़तड़ाहट गूंजी थी, नक्सलियों ने कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं की हत्या कर दी थी, उसी रक्तरंजित झीरम घाटी की भूमि पर आज वंदे मातरम की गूंज सुनाई दी। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ जगदलपुर से झीरम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

यात्रा में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर भारत माता के जयकारे एवं देशभक्ति के नारों के साथ झीरम की ओर प्रस्थान किया। झीरम पहुंचकर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने झीरम हमले में शहीद हुए वीर जवानों एवं जनप्रतिनिधियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि झीरम की धरती हमारे वीर शहीदों के त्याग और बलिदान की साक्षी है। शहीदों का बलिदान देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके सपनों के सुरक्षित, सशक्त और नक्सलमुक्त बस्तर के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ निश्चय एवं संकल्प से और वीर जवानों के शौर्य के दम पर हमारा बस्तर नक्सलमुक्त हुआ है। हमें गर्व है कि आज हम ऐसे क्षेत्र पहुंचकर हमारे देश की शान तिरंगा ध्वज लहरा पा रहे हैं। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि जिस क्षेत्रो में गोली की आवाज गूंजती थी आज हम वहां बिना डर भय संकोच के पहुंचकर वंदेमातरम, भारत माता की जयघोष लगा रहे हैं। भाजपा सरकार के सहयोग से आज बस्तर क़े सभी अतिसंवेदनशील क्षेत्र नक्सलमुक्त हो चुके हैं। आज हमने 40 किलोमीटर से अधिक का सफर बाईक में तय कर झीरम घाटी पहुंचकर तिरंगा ध्वज लहराया है। और सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, महापौर संजय पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, महामंत्री रजनीश पाणिग्राही, दरभा मंडल अध्यक्ष देवी बेंजाम, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव, रितेश जोशी, विकास दुआ, आनंद झा, जीवनाथ मौर्य, विकास पात्रो, अभिषेक तिवारी, भरत ठाकुर, रामप्रसाद मौर्य, सत्यम झा, हरि प्रसाद कश्यप, उदय सेठिया, गागड़ा राम नाग,दिनेश पांडे, मानक दई नाग, नारायण कुरानी, धर्मेंद्र ठाकुर ,मुन्नू सिंह, संतोष बघेल, लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, डिकेश नाग, सोमप्रकाश जोशी, नरेंद्र पांडे सहित भाजपा एवम युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।