रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब दो करोड़ रुपये कीमत का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को भी पकड़ा गया है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये है।
यह कार्रवाई ट्रेन नंबर 12262 में की गई। जब्त सोने में सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। मामले में आगे की जांच डीआरआई नागपुर द्वारा की जा रही है।
गुप्त सूचना पर शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की खेप लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में निगरानी और तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों पर टीम की नजर पड़ी। भंडारा-नागपुर के बीच दोनों को रोककर पूछताछ की गई और तलाशी ली गई।
बैग की तलाशी में मिले सोने के बिस्किट
तलाशी के दौरान संदिग्धों के पास से विदेशी सोना बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक इसमें 7 गोल्ड बार/बिस्किट और एक सोने की छड़ थी। वजन करने पर सोने की कुल मात्रा करीब 1.242 किलोग्राम निकली।
अधिकारियों ने बरामद सोने की बाजार कीमत करीब ₹1,96,34,307 आंकी है। सोने के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच अब डीआरआई कर रही है।
कस्टम एक्ट के तहत केस दर्ज
कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को बरामद सोने सहित DRI नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान अधिकारियों द्वारा सोने की खरीद, तस्करी के नेटवर्क, इसके संभावित सप्लायर और गंतव्य से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों संदिग्धों को आगे न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है।