राजनांदगांव में ED की दबिश, तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी से मचा हड़कंप

राजनांदगांव। जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने सुबह एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। शहर से लगे तीन परिसरों में अचानक हुई छापेमारी के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल और रायपुर से पहुंची ईडी की अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब 6 बजे तीन स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। इनमें भंसाली किराया भंडार और सत्यम विहार क्षेत्र में स्थित नाहटा के प्रतिष्ठान शामिल बताए जा रहे हैं।

छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारी संबंधित परिसरों में दस्तावेजों, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। टीम की कार्रवाई के चलते परिसर के आसपास लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।

फिलहाल ईडी की यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और इससे जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।