० मनाया झाड़ीबैड़ी माता जात्रा और हरेली तिहार
बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करपावंड में पारंपरिक झाड़ीबैड़ी माता जत्रा एवं हरियाली त्योहार पूरे श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। यह पर्व प्रतिवर्ष भाठी अमावस्या से पहले आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान एवं श्रद्धालु शामिल होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और भरपूर फसल की कामना करते हैं।
कार्यक्रम में पारंपरिक पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक माहौल ने पूरे गांव को भक्तिमय बना दिया। ग्रामीणों ने अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर किसान संघ के जिला अध्यक्ष नीलकुमार बघेल, महिला प्रमुख जयंती कश्यप, सरपंच लखमू राम नेताम, पंच लोकेंद्र निषाद, पुजारी नंदकिशोर बघेल, पुजारी कमलोचन देवांगन, डमरू देवांगन, फगनूराम बघेल, रामेश्वर बघेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि झाड़ीबैड़ी माता जत्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। हर वर्ष इस आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन जाता है।