सीसीटीवी फुटेज से खुला बाइक चोरी का राज, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। शहर के हवा कचोरा इलाके से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में बोधघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान नयामुंडा, महारानी वार्ड निवासी बिलासा बघेल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, हल्बा कचोरा निवासी भारत मौर्य ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस आने पर बाइक वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी पता नहीं चलने पर उन्होंने बोधघाट थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बिलासा बघेल की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आड़ावाल के पास छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। वाहन को जब्त करने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।