रायपुर। हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा अभियान को लेकर महात्मा गांधी मार्ग व्यापारी विकास संघ द्वारा सोमवार को भव्य तिरंगा उत्सव रैली का आयोजन किया गया। रैली में महात्मा गांधी मार्ग के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान व्यापारी संघ की ओर से मार्ग के व्यापारियों को तिरंगे वितरित किए गए। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, सम्मान और निर्धारित नियमों का ध्यान रखते हुए अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर तिरंगा उचित स्थान पर फहराएं।
तिरंगा उत्सव रैली शारदा चौक से शुरू होकर गुरु नानक चौक होते हुए गरचा कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में व्यापारियों और उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। तिरंगे के साथ निकली रैली से महात्मा गांधी मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रैली में संस्था के संरक्षक विक्रम सिंह देव और महेंद्र तलरेजा, अध्यक्ष संजय जादवानी, महामंत्री जैन विकास सिपानी, कोषाध्यक्ष परेश पारेख तथा सह-कोषाध्यक्ष अमरीक बागल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर और हर दुकान पर तिरंगा पहुंचाने का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।