जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के संचालक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

० नाबार्ड निरीक्षण, बैंक शाखाओं के विस्तार एवं गबन-धोखाधड़ी मामलों की निगरानी सहित कई अहम विषयों पर हुई चर्चा

जगदलपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के बैंक संचालक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक बैंक के प्रधान कार्यालय, जगदलपुर में आयोजित हुई। बैठक में बैंक के सुचारु संचालन, संस्थागत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा वित्तीय अनुशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में नाबार्ड द्वारा वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की स्थिति को लेकर किए गए निरीक्षण के संबंध में चर्चा की गई तथा निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर आवश्यक सुझावों एवं आगामी कार्यवाही को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही बैंक की नई शाखाएं खोलने/स्थापित करने, संचालित शाखाओं को अन्यत्र स्थानांतरित करने, शाखाओं के संविलियन तथा आवश्यकता के अनुरूप संचालित शाखाओं को बंद करने से संबंधित नियमित नीति के अनुमोदन के विषय पर भी चर्चा हुई।

बैठक में गबन एवं धोखाधड़ी से संबंधित मामलों की निगरानी और समीक्षा को लेकर भी गंभीरता से विचार किया गया। इन मामलों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी समीक्षा के लिए बोर्ड की स्पेशल कमेटी के पुनर्गठन/पुनः गठन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।बैठक में बैंक के संचालन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक निर्णयों और कार्यवाही पर चर्चा की गई।

इस बैठक में मुख्य रूप से बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, नाबार्ड प्रतिनिधि अभिजीत देवरी, उप आयुक्त डॉ. ऊषा ध्रुव, उप संचालक (कृषि) राजीव श्रीवास्तव, चार्टर्ड एकाउंटेंट प्रतीक चिखलीकर, विषय वस्तु विशेषज्ञ धर्मपाल केरकेट्टा, उप महाप्रबंधक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) प्रियब्रत साहू, सहायक महाप्रबंधक मयंक जैन, सीईओ कुंवर सिंह ध्रुव उपस्थित रहे।

बैठक पश्चात निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का प्रमाण पत्र व प्रोत्साहन राशि से किया गया सम्मान

सहकारिता सप्ताह के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बैठक के उपरांत प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सुरेश कुमार (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बास्तानार), द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कु. पूनम मौर्य (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चोकर) एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रदीप बंजारे (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चोकर) को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों द्वारा ‘गाँव के विकास में सहकारिता की भूमिका’ एवं ‘एक के लिए सब, सबके लिए एक’ जैसे विषयों पर प्रस्तुत विचारों की सराहना की गई।