सोने का हार बताकर थमाया नकली गहना, 10 हजार की ठगी; भिलाई से दो आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। नगरनार थाना क्षेत्र में सोने का हार बताकर नकली गहना देकर ग्रामीण से 10 हजार रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 रुपये, दो नकली हार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मंगनपुर निवासी लिंगेश्वर सेठिया ने नगरनार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह काम से जगदलपुर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे।
आरोपियों में से एक ने अपना नाम मोहन लाल बताते हुए खुद को भिलाई का निवासी बताया। उसने कहा कि उसे पैसों की जरूरत है और उसके पास करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोने का हार है। आरोपी ने ग्रामीण से हार के बदले तत्काल 10 हजार रुपये देने की मांग की और बाकी रकम अगले दिन देने की बात कही।
ग्रामीण आरोपी के झांसे में आ गया और उसने 10 हजार रुपये देकर हार ले लिया। बाद में जब वह हार की जांच कराने सोनार के पास पहुंचा तो पता चला कि गहना सोने का नहीं, बल्कि पीतल मिश्रित नकली हार था। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भिलाई से दबोचे गए दोनों आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद नगरनार पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई क्षेत्र में दबिश देकर मोहन लाल सोलंकी, निवासी नेहरू चौक चरौदा, भिलाई और मोहन राय, निवासी हथनीपारा वार्ड, भाटापारा, बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 रुपये, दो नकली हार और मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने ग्रामीण को नकली हार देकर ठगी करने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों को पुलिस जगदलपुर लेकर पहुंची, जहां न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक विकेश तिवारी, पीएसआई दीपक सिंह ठाकुर, सउनि दिनेश ठाकुर सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।