0 बस्तर में पहली बार होगा विद्यार्थी विज्ञान मंथन राष्ट्रीय विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन
जगदलपुर। जिला मुख्यालय में स्थित जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के साथसाथ वी वी एम की जानकारी जिले के सातों विकासखंडों से आए विज्ञान शिक्षकों को ‘विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27’ की विस्तृत जानकारी दी गई। बस्तर जिले में पहली बार इस राष्ट्रीय परीक्षा का आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर शिक्षकों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में विज्ञान भारती, बस्तर संभाग के सचिव कुश कुमार नायक तथा विद्यार्थी विज्ञान मंथन के जिला समन्वयक मनीष अहीर एवं दुर्गेश डिक्सेना ने शिक्षकों को परीक्षा की पंजीयन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, परीक्षा स्वरूप, मूल्यांकन एवं चयन की विभिन्न अवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से अपने विद्यालयों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय विज्ञान अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन, विज्ञान भारती (VIBHA) की राष्ट्रीय विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा है, जिसका आयोजन NCERT एवं NCSM के सहयोग से किया जाता है। कक्षा 6वीं से 11वीं तक के विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, नवाचार, अनुसंधान की भावना तथा भारत की समृद्ध वैज्ञानिक विरासत के प्रति गौरव विकसित करना है।
श्री कुश कुमार नायक ने कहा कि बस्तर के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। वहीं जिला समन्वयक श्री मनीष अहीर एवं श्री दुर्गेश डिक्सेना ने शिक्षकों को अभियान को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने तथा विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों के विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने VVM को बस्तर के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने वाली अभिनव पहल बताया। यह अभियान निश्चित रूप से बस्तर के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उन्हें राष्ट्रीय विज्ञान मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।