0 बिजली बिल के नाम पर जनता को लूट रहे और जनता को झूठा भी ठहरा रहे
रायपुर। बिजली विभाग झूठा दावा कर रहा है कि अगस्त माह में जो जुलाई के बिजली बिल भेजे गये है उसमें बिजली की खपत कम हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हकीकत यह है कि आम आदमी का बिजली बिल अगस्त माह में जो आया है उसकी राशि भी अप्रैल, मई, जून, जुलाई के जैसे ही लगभग उतनी ही आई है। सरकार और विद्युत कंपनियां जनता को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कांग्रेस के जन आंदोलन से घबरा कर सरकार और बिजली कंपनी अब ज्यादा बिजली बिल भेजने के बाद जनता को ही झूठा ठहरा रही है। एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी कर रही भाजपा सरकार।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली कंपनी दावा कर रही है कि जून की अपेक्षा जुलाई में 30 प्रतिशत बिजली कम खपत हुई है, लेकिन पिछले 8 माह से प्रतिमाह हर आदमी की औसत बिजली खपत तथा बिजली बिल 30 से 40 प्रतिशत बढ़ते गया है। जो 8 माह में चार गुना से भी ज्यादा है। जून की अपेक्षा जुलाई में खपत कम होना स्वाभाविक है लेकिन बिजली कंपनी पिछले 8 माह के बिजली बिल का विश्लेषण जारी करे। इनके दावे भ्रामक, झूठे और परेशान जनता को मुंह चिढ़ाने वाले है एक तरफ जनता को लूट रहे ऊपर से जनता को ही गलत ठहरा रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विद्युत कंपनी के द्वारा बिजली के दाम नही बढ़ने और बिजली सस्ती होने का दावा जनता के कटे पर नमक छिड़कने वाला है। ढाई साल में भाजपा की सरकार ने बिजली के दाम में 5 बार बढ़ोतरी किया है। 400 यूनिट हाफ योजना बंद कर दिया उसके बाद यह कहना कि बिजली सस्ती हो गयी यह बताता है कि भाजपा सरकार और बिजली कंपनी प्रदेश की जनता को मुर्ख समझती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जनता बढ़े बिजली बिल के कारण परेशान है, लोगों के राशन के बिल से ज्यादा महीने का बिजली बिल आ रहा है। सरकार ऊपर से झूठ बोल रही कि बिजली सस्ती हो गयी है। बिजली सस्ती होने का सरकार का दावा बेशर्मी से भरा हुआ है सरकार में बैठे हुये लोग सावन के अंधे हो गये है उनको हरा-हरा दिख रहा है। बिजली के दाम बढ़ा दिये, स्मार्ट मीटर से रीडिंग ज्यादा आ रही, 400 युनिट बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दिये। जनता की परेशानी से सरकार को कोई लेना देना नही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के दाम में 30 से 50 पैसे तथा गैर घरेलू में 20 से 40 पैसे की बढ़ोत्तरी किया है। कृषि के पंप की बिजली में भी 40 पैसे की बढ़ोत्तरी की गयी है। भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार पांचवी बार बिजली के दाम बढ़ाये गये है। बिजली के बेतहाशा बिल जनता की परेशानी का कारण बने हुये है। हाल ही में भाजपा सरकार ने बिजली के दामों में 12 प्रतिशत विद्युत ईधन अधिभार (एमपीपीएस) के रूप में बढ़ोत्तरी किया था। भाजपा की सरकार आने के बाद अभी तक 31.23 प्रतिशत बिजली के दाम बढ़ाये गये है। कांग्रेस की सरकार ने 5 साल में केवल 2 पैसे की बढ़ोत्तरी बिजली के दामों में किया था, उसमें भी 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी। भाजपा से सरकार नहीं संभल नही रही है। वह केवल जनता पर बोझ डालने का काम करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली बिल ज्यादा आने का तीन कारण है। पहला सरकार ने बिजली के दाम बढ़ा दिया है। दूसरा बिजली बिल हाफ योजना बंद हो गई। तीसरा स्मार्ट मीटर लगाए गए है जो अनाप शनाप खपत से अधिक रीडिंग बता रहा जिससे बिल अधिक आ रहा। अडानी की कंपनी के स्मार्ट मीटर लगाए गए है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली के दाम घटाए जाए, 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना लागू की जाए। स्मार्ट मीटर वापस लिया जाए। जब तक सरकार बिजली में लूट बंद नहीं करेगी कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।