बीएसपी खदान प्रबंधन को बड़े हादसे इंतजार

0 मुख्य सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे, जा चुकी है 3 जानें 
दल्लीराजहरा। भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा नगर प्रशासन की लापरवाही से नगरवासियों की जान हर रोज खतरे में पड़ी रहती है। बीएसपी की मुख्य सड़क पर बना बड़ा गड्ढा और उखड़ी सड़क दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। बीएसपी की इस लापरवाही के कारण पहले बीएसपी सीवरेज टंकी के गड्ढे में 3 लोगों की मौत हो चुकी है, इसके बाद भी प्रशासन नहीं चेता है।
मुख्य सड़क के बीचों-बीच 3-4 फीट चौड़ा और गहरा गड्ढा है। पानी भरने के कारण इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। रोजाना सैकड़ों बाइक, कार और स्कूल बस इसी रास्ते से गुजरती हैं। जरा सी चूक और वाहन पलट सकता है। कुछ समय पहले बीएसपी के सीवरेज टंकी के खुले गड्ढे में गिरकर 3 लोगों की जान जा चुकी है। उस हादसे के बाद भी बीएसपी प्रबंधन ने सबक नहीं लिया। आज फिर वही लापरवाही मुख्य सड़क पर दोहराई जा रही है। नागरिकों ने कई बार बीएसपी नगर प्रशासक और पीडब्ल्यूडी विभाग को इस गड्ढे के बारे में सूचना दी। लेकिन महीनों बीत गए, न गड्ढा भरा गया न बैरिकेड लगाया गया। बारिश में कीचड़ और पानी से भरा गड्ढा और भी खतरनाक हो गया है। यह सड़क स्कूल, बाजार और अस्पताल को जोड़ती है। इस पर सुबह-शाम बच्चों और बुजुर्गों का आवागमन लगा रहता है। एक स्थानीय नागरिक ने सवाल किया कि बीएसपी प्रशासन क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है क्या? वार्ड पार्षद मेवा पटेल ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मरम्मत नहीं हुई तो वे तो 24 घंटे के अंदर सड़क पर बैठ कर धरना देंगे। 24 घंटे के अंदर गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत की जाए और तब तक गड्ढे के चारों ओर बैरिकेड और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। बीएसपी प्रशासन की यह लापरवाही सीधे-सीधे “मौत का इंतजार” है। जब 3 जानें जाने के बाद भी प्रशासन नहीं चेता तो अब किस हादसे का इंतजार है?