रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मृतका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान भारती नेताम (19) निवासी कोकपुर, जिला कांकेर के रूप में हुई है। वह रायपुर के एक निजी कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पिछले छह-सात महीने से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला स्थित किराए के मकान में रह रही थी। दोनों की जान-पहचान पढ़ाई के दौरान हुई थी, जिसके बाद वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर अपने साथ मारपीट होने की बात कही थी। उसने घर लौटने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण वापस नहीं आ पा रही थी। परिजनों ने उसकी मदद के लिए ऑनलाइन तीन हजार रुपये भेजे थे। इसके कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि भारती के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। आंख के नीचे, ठुड्डी और गर्दन के पीछे मिले चोट के निशानों के आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।