युवा CAIT की बिजनेस मीट में शामिल हुए डीसीपी तारकेश्वर पटेल, साइबर सुरक्षा और नेटवर्किंग पर दिया जोर

रायपुर। युवा CAIT छत्तीसगढ़ की मासिक बिजनेस मीट का आयोजन पंडरी स्थित होटल सिमरन इंटरनेशनल में किया गया। कार्यक्रम में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों और व्यापारियों ने भाग लेकर आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग और रेफरल नेटवर्किंग को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

युवा CAIT के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह और प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां सहयोग, संवाद और व्यापारिक अवसरों का विस्तार हो सके।

साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील

मुख्य अतिथि डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का सफल व्यापारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करता है। उन्होंने व्यापारियों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने, डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने और कानूनों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के नेतृत्व में युवा CAIT द्वारा नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे मासिक बिजनेस मीट व्यापारियों के बीच संवाद, विश्वास और सहयोग को नई दिशा देने के साथ युवा उद्यमियों को सीखने और आगे बढ़ने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं।

रेफरल नेटवर्किंग पर विशेष जोर

बिजनेस मीट के दौरान विभिन्न उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय दिया और अपने उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के व्यवसाय को बढ़ावा देने, रेफरल साझा करने और स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने की दिशा में सहयोग का संकल्प लिया।

प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल और प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने कहा कि यह मंच प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सहयोग की भावना को बढ़ावा देता है। मजबूत नेटवर्किंग व्यापार विस्तार की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सदस्य एक-दूसरे के व्यवसाय को प्राथमिकता देते हुए रेफरल साझा करे, तो स्थानीय व्यापार को नई गति मिल सकती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने और व्यापारिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में युवा CAIT एवं CAIT छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उद्यमियों और व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *