आईटीआई बस्तर में 5 अगस्त को कैंपस अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव, जिंदल स्टील सहित कई कंपनियां करेंगी चयन

 

बस्तर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बस्तर द्वारा 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को कैंपस अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। इस प्लेसमेंट ड्राइव में जिंदल स्टील, मशीनरी डिवीजन सहित प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होकर योग्य प्रशिक्षार्थियों का चयन करेंगी।

आईटीआई बस्तर के प्राचार्य द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह प्लेसमेंट ड्राइव विशेष रूप से मशीनिस्ट, टर्नर, फिटर सहित संबंधित ट्रेडों के अंतिम वर्ष एवं उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर अपने समस्त आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण पत्रों के साथ समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।

संस्था प्रबंधन का कहना है कि कैंपस प्लेसमेंट का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण पूरा होने के साथ ही प्रतिष्ठित कंपनियों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

आईटीआई बस्तर ने जिले के सभी पात्र प्रशिक्षार्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। यह प्लेसमेंट ड्राइव स्थानीय युवाओं के लिए उद्योगों में करियर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *