बारिश बनी आफत, एनीकट में बहने से मछुआरे की मौत, छात्र समेत दो लोग लापता

धमतरी। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। सिहावा थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में एक मछुआरे की मौत हो गई, जबकि चौथी कक्षा का एक छात्र समेत दो लोगों के लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस और रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट गए थे। इसी दौरान जलस्तर अचानक बढ़ गया और रपटे पर तेज बहाव आ गया। बहाव की चपेट में आने से धनंजय पानी में बह गए। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम ने खोजबीन शुरू की। करीब दो दिन की तलाश के बाद उनका शव बरामद किया गया। वहीं सिरसिदा गांव का रहने वाला चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र घर से खेलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, बावजूद इसके उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।

इसके अलावा क्षेत्र से एक अन्य व्यक्ति के भी लापता होने की सूचना है। आशंका जताई जा रही है कि लगातार बारिश के कारण उफनते नदी-नालों के तेज बहाव में वह भी बह गया होगा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और एनीकट के आसपास जाने से बचने तथा जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *