गुरु पूर्णिमा पर 40 वर्षों की विधि सेवा देने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान

जगदलपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद, बस्तर जिला द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बस्तर जिला अधिवक्ता संघ में पिछले 40 वर्षों से निरंतर विधि सेवा दे रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे थे। समारोह में गुरु-शिष्य परंपरा, अधिवक्ता पेशे की गरिमा और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभवों के महत्व पर विस्तार से विचार रखे गए।

अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद, मध्य क्षेत्र की सह-संयोजक झरना बांगर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन की आधारशिला रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता जगत में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन से युवा अधिवक्ता न्यायिक कार्यों में दक्षता प्राप्त करते हैं और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर पाते हैं।

सम्मानित वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी अपने संबोधन में युवा अधिवक्ताओं से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ विधि व्यवसाय में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर वे हमेशा मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही ऐसे आयोजनों को अधिवक्ताओं के बीच संवाद और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने वाला बताते हुए नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

समारोह में डब्बू वर्मा, निर्मल सोनी, नंद किशोर देवांगन, विजय के.पी. गुप्ता, प्रवीण लोटिया और घनश्याम साहू सहित 40 वर्षों से विधि सेवा प्रदान कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन बस्तर जिला अधिवक्ता संघ की उपाध्यक्ष प्रीति वानखेड़े ने किया, जबकि आरती दुआ ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश पाणिग्रही, सपन देवांगन, संजय विश्वकर्मा, श्रीनिवास रथ, प्रतिमा राय, उमेश चंद्र ठाकुर, जय प्रकाश पाढ़ी, तापस विश्वास, जयंत विश्वास, मनीषा खरे, बसंत यादव, हेमलता नक्का, भानु चौरसिया, नितिन जैन, मलय झा, वरुण विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *