0 बस्तर के सांसद महेश कश्यप ने कहा : सुरक्षा, विश्वास और विकास की समन्वित रणनीति से सँवरेगा बस्तर का भविष्य
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की गई भेंट तथा ‘बस्तर विकास के विस्तृत रोडमैप’ के प्रस्तुतिकरण का स्वागत करते हुए केंद्र व राज्य सरकार का आभार जताया है। सांसद कश्यप ने कहा कि ‘सुरक्षा, विश्वास और विकास’ के समन्वित मॉडल ने बस्तर को दशकों के अंधेरे से निकालकर नई रोशनी दी है।
भाजपा सांसद कश्यप ने कहा कि दशकों तक नक्सली हिंसा और पिछड़ेपन का दंश झेलने वाला बस्तर आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री साय के सुशासन में विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है। बस्तर विज़न 2.0 से लेकर बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तक, हर पहल बस्तरवासियों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। श्री कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से बस्तर के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँच रही है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्त मुन्ने’ के माध्यम से बस्तर संभाग के 5,542 गांवों में शासकीय योजनाओं का लाभ 39 लाख लोगों तक पहुँचाया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद पड़े 421 स्कूलों को पुनः प्रारंभ कर शिक्षा की अलख जगाई गई है। इसी तरह लगभग 3,513 करोड़ रुपये की लागत से जगदलपुर-रावघाट रेललाइन पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह रेल संपर्क बस्तर के आर्थिक, सामाजिक व औद्योगिक विकास को ऐतिहासिक गति देगा। इसके साथ ही रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे एवं इंद्रावती नदी पर बैराज परियोजना से जलापूर्ति और कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी।
भाजपा सांसद कश्यप ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया परियोजना से पूरे प्रदेश सहित बस्तर के कृषकों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके लिए भूमि व आवश्यक स्वीकृतियाँ पूरी की जा चुकी हैं। सुरक्षा और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील 461 गांवों में विद्युत ग्रिड पहुँचाकर ग्रामीण एवं वनांचल जीवन को सुगम बनाया जा रहा है। इसी तरह छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर एवं वनांचल क्षेत्रों के निवासियों के लिए ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की स्थापना का प्रस्ताव स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश में 10.42 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जा चुका है तथा अगले चरण में 14 लाख और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें बस्तर की हमारी माताओं-बहनों की बड़ी भागीदारी है।
भाजपा सांसद कश्यप ने कहा कि बस्तर अब केवल शांति की ओर ही अग्रसर नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल, बिजली, हवाई संपर्क, आजीविका, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में संपूर्ण देश के लिए मॉडल बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी और मुख्यमंत्री साय के सुशासन से बस्तर का प्रत्येक नागरिक अब सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ओर कदम बढ़ा चुका है।