बस्तर पंडुम के टेंट पंडाल पर फूंके 6 करोड़ – सुशील मौर्य

0 रोजगार और सुविधाएं देने के बजाय अपना चेहरा चमकाने में लगी है साय सरकार : मौर्य 
जगदलपुर। बस्तर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बस्तर पंडुम के तहत राष्ट्रपति एवं केंद्रीय गृह मंत्री के एक दिवसीय कार्यक्रम में सिर्फ टेंट एवं अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर 6 करोड़ 14 लाख 78 हजार 943 रुपए खर्च कर दिए गए।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने कहा कि यह राशि केवल एक आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं पर खर्च होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इस भारी-भरकम खर्च से बस्तर के आम लोगों को क्या मिला? बस्तर की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि भाजपा सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च करने की प्राथमिकताएं क्या हैं। एक ओर बड़े-बड़े आयोजनों, मंचों, टेंट और प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बस्तर के अनेक गांव आज भी पक्की सड़क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, सिंचाई, बिजली और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर की जनता पूछ रही है आखिर बस्तर को क्या मिला? जरा सोचिए, यह सिर्फ एक आयोजन का बिल है। यदि एक दिन के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा सकते हैं, तो बस्तर के दूरस्थ गांवों में वर्षों से लंबित बुनियादी विकास कार्यों के लिए सरकार के पास पर्याप्त बजट क्यों नहीं है? क्या बस्तर की जनता को विकास के नाम पर सिर्फ आयोजन और प्रचार ही मिलेगा, या फिर उसे वास्तविक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी?सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के लिए सुशासन और विकास की परिभाषा अब बड़े मंच, भव्य आयोजन और विज्ञापनों तक सीमित होती जा रही है। जहां जरूरत है वहां सड़क नहीं, लेकिन आयोजन के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। जहां ग्रामीणों को बेहतर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र चाहिए, वहां करोड़ों रुपये कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। जहां युवाओं को रोजगार और स्थानीय लोगों को आर्थिक अवसर चाहिए, वहां सरकार प्रचार के माध्यम से विकास का ढिंढोरा पीट रही है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है साथ ही इस मुद्दे को लेकर आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता में ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, महामंत्री जाहिद हुसैन, अनुराग महतो, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, मन्नू सेन, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, विकलांग प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेश ठाकुर, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद, विजय प्रकाश दास,मोहसिन खान, आदर्श दलाई, पार्षद लोकेश चौधरी, उस्मान रजा, आकिब रजा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *