
जगदलपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दलपत सागर सुलभ शौचालय के पास आर्मी पैटर्न की टी-शर्ट पहने एक युवक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान भोला बघेल (पिता रामचंद बघेल) निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, हीना किराना स्टोर्स के सामने के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी प्रतिबंधित दवाओं को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक भूपेंद्र पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने तथा आरक्षक तामेश्वर चंद्राकर, बलराम कश्यप, भीम और त्रिनाथ कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।