भारी बारिश के बीच एबीईओ का औचक निरीक्षण, टपकती छतों पर जताई चिंता

बस्तर। कलेक्टर बस्तर के निर्देश पर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार तिवारी ने बुधवार को बस्तर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता, मूलभूत सुविधाओं एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक-माध्यमिक शाला चोकर से हुई, जहां बारिश के कारण कई कमरों की छत से पानी रिसता मिला। संस्था प्रभारी द्वारा बच्चों की वैकल्पिक कक्ष में बैठक व्यवस्था किए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। घाटक्वाली के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों को विद्यार्थियों को 25 तक पहाड़ा कंठस्थ कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने तथा शैक्षणिक अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने के निर्देश दिए गए।

माध्यमिक शाला कुड़कानार में गुरुपूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों ने अधिकारी का स्वागत किया। कक्षा सात की छात्रा सलोनी बघेल ने 30 का पहाड़ा धाराप्रवाह सुनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिस पर उसे सम्मानित किया गया। विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, किचन गार्डन एवं शाला प्रमुख धीरेंद्र यादव सहित पूरे स्टाफ के कार्यों की सराहना की गई।

इसके बाद कुड़कानार हाईस्कूल में कक्षा 10 का शैक्षणिक मूल्यांकन, उत्तरपुस्तिकाओं एवं पाठ्यक्रम की समीक्षा के साथ मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। एबीईओ ने बताया कि सभी शिक्षक समय पर उपस्थित मिले, लेकिन विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। इसे सुधारने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *