० स्टेडियम में कचरा फैला रहे हैं नशेड़ी तत्व
जगदलपुर। नगर के प्रथम नागरिक महापौर संजय पांडे समाज के हर तबके का ध्यान रखते आ रहे हैं। महापौर सिर्फ नागरिकों को जरूरी सुविधाएं ही मुहैया नहीं करा रहे हैं, बल्कि युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों के हितों का भी पूरा ध्यान उन्होंने रखा है। मेयर संजय पांडे ने नगर के खेल मैदानों और स्टेडियमों को व्यवस्थित और सुविधाओं से युक्त करवा दिया है, मगर इस शहर में रायता फैलाने वाले तत्व भी कम नहीं हैं। कुछ यही हाल इन तत्वों ने स्टेडियम का कर रखा है।
शहर के आधुनिक स्टेडियम में हजारों खिलाड़ी सपने संजोए खेलों के जरिए अपना भविष्य संवारने आते हैं। जिसमें कुछ स्वस्थ की खातिर तो कुछ स्पोर्ट्स कोटे से सरकारी नौकरियों में भर्ती होने की खातिर। वहीं कुछ अनाड़ी और शरारती किस्म के खिलाड़ी स्टेडियम में जाकर केवल रायता और कचरा फैलाने का काम करते हैं। यह तस्वीर इस बात की गवाह है कि कुछ तत्वों को कोक्रोचों की तरह कचरा ही पसंद है। तस्वीर में दिख रही पानी की बोतल और पाउच साबित कर रहे हैं कि स्टेडियम में खिलाड़ी ही नहीं नशेड़ी भी पहुंचते हैं। इन्हीं नशेड़ियों ने खूबसूरत स्टेडियम कi बुरी गत बना डाली है। अक्सर यहां होने वाले खेलों के दौरान लगने वाले चाट पकौड़े के ठेलों को लेकर क्या कहा जाए? वो तो पूरी गंदगी फैलाने में बड़ा योगदान देते हैं। हालांकि नगर निगम के कर्मी इस स्टेडियम की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने जुटे रहते हैं, मगर रायता फैलाने वाले तत्व फिर वही करतूत कर जाते हैं। नगर के प्रबुद्धजनों, अधिकारियों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने महापौर से अपील की है कि वे इस स्टेडियम को नशेड़ियों का अड्डा बनने से रोकें, सफाई के साथ ही इसकी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवा कर युवाओं को उनकी खेल योग्यता तराशने में सहयोग करें। नगर निगम के मुख्य कार्यालय से लगे होने के कारण इस स्टेडियम पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है।