महिला थाना के पास युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब महिला थाना के पास एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका से जांच शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक आखिरी बार किन लोगों के साथ देखा गया था और घटना से पहले वह किस स्थान पर मौजूद था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, इसलिए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों और संभावित आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *