28 महीने में निवेश चार गुना करने का झांसा, ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर लाखों की ठगी; आरोपी महिला गिरफ्तार

दुर्ग। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर कम समय में रकम कई गुना करने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला खुद को रैंबो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी की लीडर बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करती थी। वह 28 महीने में निवेश की रकम चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत तक रिटर्न देने का दावा करती थी। पुलिस ने मामले में आरोपी तृप्ती साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।

मामला उतई थाना क्षेत्र का है। जोरतराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी तृप्ती साहू ने अपने परिचित ललित के उतई स्थित घर पर रैंबो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि कंपनी में निवेश करने पर 28 महीने के भीतर रकम चार गुना हो जाएगी। इसके साथ ही हर महीने 10 से 12 प्रतिशत ट्रेडिंग रिटर्न मिलने का भी दावा किया गया। पुलिस के अनुसार, विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने शुरुआत में पीड़ित से 5 लाख रुपये निवेश कराए और उसे करीब 45 हजार रुपये का लाभ भी दिया।

शुरुआती रिटर्न मिलने के बाद पीड़ित को कंपनी और आरोपी पर भरोसा हो गया। इसके बाद उसने बैंक से लोन लेकर 14 लाख रुपये और निवेश कर दिए। इस तरह पीड़ित ने कुल 19 लाख रुपये कंपनी में लगा दिए। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद न तो पीड़ित को निवेश की मूल रकम वापस मिली और न ही वादा किया गया रिटर्न। लगातार टालमटोल के बाद पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

बैंक खातों में मिले लाखों के लेन-देन

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी महिला के विभिन्न बैंक खातों में बड़े पैमाने पर लेन-देन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक की भिलाई शाखा से जुड़े खातों और ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट की जांच की। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी निवेश और अधिक रिटर्न का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर ठगी से प्राप्त रकम का इस्तेमाल आरोपी ने अपनी जीवनशैली सुधारने, वाहन और मकान खरीदने में किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रैंबो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर निवेश का यह पूरा नेटवर्क किस तरह संचालित किया जा रहा था। आरोपी तृप्ती साहू को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *