वार्ड-3 को कब मिलेगी अंधेरे से मुक्ति – पार्षद मनोज दुबे

०  राजनीतिक दबाव में रोका जा रहा है केबल बदलने का कार्य 
दल्ली राजहरा। स्थानीय नगर पालिका के वार्ड-3 में विगत लगभग तीन माह से खराब विद्युत केबल के कारण आम नागरिक लगातार अंधेरे एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं। इस संबंध में विद्युत विभाग को कई बार मौखिक रूप से नगर पालिका के कर्मचारी द्वारा भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
वार्ड-3 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा है कि यह अत्यंत आश्चर्यजनक है कि विद्युत विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक 21, 24, 27 एवं 02 में केबल बदलने की व्यवस्था कर दी गई है, जबकि वार्ड क्रमांक 03 की समस्या सबसे पहले विभाग के संज्ञान में होने के बावजूद यह वार्ड लगातार उपेक्षित है। उन्होंने कहा कि इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। आखिर वार्ड क्रमांक 03 की जनता के साथ ही यह उपेक्षापूर्ण व्यवहार क्यों किया जा रहा है? क्या वार्ड क्रमांक 03 के नागरिकों को सुरक्षित एवं नियमित विद्युत सुविधा प्राप्त करने का अधिकार नहीं है?मनोज दुबे ने यह भी प्रश्न उठाया कि आखिर किसके राजनीतिक दबाव के कारण वार्ड क्रमांक 03 में खराब केबल बदलने का कार्य रोका जा रहा है? यदि किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव के कारण जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है, तो यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि जनहित के भी विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि खराब केबल के कारण कोई दुर्घटना अथवा जनहानि होती है, तो उसकी सम्पूर्ण नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी विद्युत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की होगी। मनोज दुबे ने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वार्ड क्रमांक 3 की खराब केबल को तत्काल नहीं बदला गया और विद्युत व्यवस्था शीघ्र बहाल नहीं की गई, तो विभागीय लापरवाही एवं जनहित की उपेक्षा के विरुद्ध सक्षम अधिकारियों से शिकायत की जाएगी तथा लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से जन आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *