बलरामपुर में हाथियों का आतंक! जान बचाकर भाग रहे ग्रामीण को कुचलकर मार डाला

बलरामपुर। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के दल ने एक बार फिर ग्रामीणों के बीच दहशत पैदा कर दी। देर रात रेवतपुर के नवापारा इलाके में पहुंचे चार हाथियों के झुंड ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलकर भाग रहे एक ग्रामीण को हाथी ने दौड़ाकर कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से चार हाथियों का दल क्षेत्र में घूम रहा था। देर रात बारिश के बीच हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया। हाथियों के गांव में घुसने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

इसी दौरान बालम साय भी हाथियों से बचने के लिए घर से बाहर निकले। बताया जा रहा है कि भागते समय एक हाथी ने उनका पीछा किया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है, जबकि नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को विशेष रूप से रात के समय घर से बाहर नहीं निकलने, जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा हाथियों के करीब जाकर फोटो या वीडियो नहीं बनाने की सलाह दी गई है।

घटना के बाद राजपुर वन परिक्षेत्र और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीणों को समय-समय पर सतर्क किया जा रहा है। फिलहाल टीम हाथियों के दल की लोकेशन पर नजर रख रही है, ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *