रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सुबह एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई इस घटना में युवक साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा, जिससे रेल परिचालन करीब 15 मिनट तक प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग की ओर जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस शनिवार सुबह श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और चलती ट्रेन के सामने कूद गया। लोको पायलट ने तत्काल आपातकालीन ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। हादसे के बाद साउथ बिहार एक्सप्रेस को करीब 15 मिनट तक मौके पर रोकना पड़ा। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अब घायल युवक की पहचान, उसके परिजनों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।