बस्तर में फिर मिला हथियारों का जखीरा

0 सुरक्षा बलों ने किया नक्सलियों के हथियार डंप का पर्दाफाश 
जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में नक्सलियों का एक और बड़ा डंप बरामद किया गया है। इस डंप में हथियारों का जखीरा मिला है।
नारायणपुर जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को फिर बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस और बीएसएफ की 58वीं वाहिनी द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान कच्चापाल के जंगलों में नक्सलियों के एक गुप्त हथियार भंडार का भंडाफोड़ हुआ है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसमें .303 और .315 रायफल, एक देशी बैरल लांचर, मैगजीन और विभिन्न बोर के करीब 31 जीवित कारतूस शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सलियों द्वारा पूर्व में छुपाए हथियार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। बरामद हथियारों को जप्त कर कोहकामेटा थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *