0 लेखक राहुल पांडे की कृति को सराहा कलेक्टर आकाश छिकारा ने
जगदलपुर। बस्तर के युवा लेखक राहुल कुमार पांडेय ने अपनी प्रेरणादायी पुस्तक “रुकना सीखिए” बस्तर के कलेक्टर आकाश छिकारा को भेंट की। इस अवसर पर लेखक ने पुस्तक के उद्देश्य और इसके मूल संदेश से उन्हें अवगत कराया।
“रुकना सीखिए” जीवन में धैर्य, संयम और सोच- समझकर निर्णय लेने की प्रेरणा देने वाली पुस्तक है। पुस्तक का मुख्य संदेश है कि किसी भी परिस्थिति में जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ क्षण रुककर विचार करने से बेहतर निर्णय लिए जा सकते हैं, जिससे व्यक्ति का व्यक्तित्व अधिक परिपक्व, संतुलित और सफल बनता है। पुस्तक प्राप्त करने के पश्चात कलेक्टर आकाश छिकारा ने लेखक के इस सकारात्मक प्रयास की सराहना की तथा समाज में ऐसे प्रेरक साहित्य की उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सकारात्मक सोच एवं विवेकपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती हैं। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी लेखक राहुल कुमार पाण्डेय अपनी पुस्तक “रुकना सीखिए” छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री को भेंट कर चुके हैं, जहां पुस्तक के विषय और संदेश की प्रशंसा की गई थी। अब बस्तर कलेक्टर को पुस्तक भेंट की जाना लेखक के साहित्यिक सफर की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राहुल कुमार पाण्डेय ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पुस्तक लिखना नहीं, बल्कि समाज में धैर्य, सकारात्मक सोच और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्हें विश्वास है कि यह पुस्तक पाठकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगी।