रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में एक बार फिर मानव और जंगली हाथी के बीच संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में शनिवार तड़के एक हाथी बस्ती में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जान बचाकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब चार बजे हाथी अचानक गांव में पहुंच गया। हाथी को बस्ती में घूमता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
इसी दौरान शकुंतला बाई अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ जान बचाने की कोशिश कर रही थीं। तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गनीमत रही कि बच्ची सुरक्षित बच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, जबकि वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि हाथी काफी आक्रामक था। उसने वन विभाग के वाहन पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद विभाग की टीम ने हाथी को बस्ती से बाहर निकालकर जंगल की ओर खदेड़ा।
घायल महिला को वन विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद वन विभाग ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने का प्रयास न करें और तत्काल वन अमले को सूचना दें।