जप्त रेत को बाहर ले जा रहे हैं रेत माफिया!

0 जप्ती करने के बाद रेत की सुरक्षा करना भूल गया प्रशासन 
(अर्जुन झा) बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक में सक्रिय रेत माफिया अब सीधे प्रशासन को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। रेत माफियाओं के दुस्साहस का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे प्रशासन द्वारा जप्त रेत और अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों व मशीनरी को भी उठा ले जाने में नहीं हिचक रहे हैं।प्रशासन द्वारा जप्त कर रखी गई रेत की भी अब बाहर निकासी शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बकावंड विकासखंड में बनियागांव, तारापुर और अन्य गांवों के आसपास भास्कली नदी, इंद्रावती नदी से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध खनन होता आया है। खनिज विभाग के कुछ अधिकारियों और कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में पड़ोसी राज्य उड़ीसा के रेत माफिया चेन माउंटेन, पोकलेन, जेसीबी आदि भारी मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर रेत का खनन एवं परिवहन करते आए हैं। सूत्रों का दावा है कि इस काले कारोबार में खनिज विभाग के एक अधिकारी के करीबी रिश्तेदार के वाहन भी उपयोग में लाए जाते रहे हैं। वाहनों का मोटा किराया मिलने की वजह से खनिज अधिकारी रेत माफियाओं पर कार्रवाई करने से बचते रहे हैं। जब पानी सिर के ऊपर से गुजरने लगा, तब बनियागांव के ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज उठाना शुरू कर दी। दरअसल भास्कली नदी में बेतहाशा और बेतरतीब खनन के चलते बनियागांव के आधा दर्जन से भी ज्यादा किसानों की जमीन नदी में समा गई। इस मुद्दे को लेकर पीड़ित किसानों और ग्रामीणों ने बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा तक शिकायत की। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा दिखावे की कार्रवाई शुरू की गई।कुछ जगहों पर रेत और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जप्त किए गए। बकावंड और उड़ीसा की सीमा पर कुछ माह पूर्व खनिज विभाग और प्रशासन की टीम ने चेनमाउंटेन मशीन जप्त की थी। मगर कुछ ही दिनों बाद आश्चर्यजनक ढंग से उसी जप्तशुदा चेन माउंटेन मशीन से रेत माफिया पुनः रेत का अवैध खनन करते नजर आए थे। हालांकि बाद में प्रशासन ने उस चेन माउंटेन मशीन को फिर से अपने कब्जे में ले लिया। वहीं कुछ माह पहले ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर बकावंड तहसीलदार ने बनियागांव में पंचायत भवन के सामने उड़ीसा के रेत माफिया द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से डंप कर रखी गई हजारों ट्रेक्टर ट्रॉली रेत को जप्त किया था। इस जप्तशुदा रेत को अब वही माफिया धीरे धीरे ले जा रहे हैं। इस मामले की शिकायत प्रशासनिक एव खनिज विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन सभी अधिकारी खामोश बैठे हैं।जानकारी के अनुसार बाजार में इस जप्त रेत को माफिया मनमानी कीमत पर बेच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *