हाथी का कहर: मशरूम बीनने गए ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, इलाके में दहशत

रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। यह हादसा पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के जंगल में हुआ। मृतक की पहचान जहाज़ सिंह राठिया (55), निवासी ग्राम पीडिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जहाज़ सिंह गुरुवार को जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) एकत्र करने गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

वन विभाग और प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की आवाजाही वाले जंगलों में अकेले न जाएं और किसी भी जंगली हाथी की सूचना मिलने पर तत्काल वन अमले को जानकारी दें। अधिकारियों का कहना है कि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है और लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *