बकावंड शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: सीएससी बर्लिन को कारण बताओ नोटिस

0 शिवनागुड़ा एवं माध्यागुड़ा के विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही, बीईओ चंद्रशेखर यादव हुए सख्त

बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवनागुड़ा एवं आश्रित ग्राम माध्यागुड़ा के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था एवं मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में सामने आई लापरवाही को शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीएससी बर्लिन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन योजना के संचालन, विद्यालय की व्यवस्था तथा शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में कमियां पाई गईं। इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए बीईओ ने संबंधित मामले में जवाब तलब किया है।

खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यालयों की नियमित निगरानी की जाएगी और यदि भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बीईओ ने स्पष्ट किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समय पर मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद विकासखंड के विद्यालयों में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *