पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन, लोक कला जगत में शोक की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक कला जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई का रविवार तड़के निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं। उन्होंने सुबह करीब 3:15 बजे रायपुर एम्स में अंतिम सांस ली।
डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय पंडवानी शैली से महाभारत की कथाओं को देश-दुनिया के मंचों पर जीवंत किया। दमदार आवाज़, प्रभावशाली अभिनय और विशिष्ट प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोककला को वैश्विक पहचान दिलाई।
उन्होंने भारत के अलावा एशिया, यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उनके योगदान से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान मिला।
उनके निधन से कला और संस्कृति जगत में शोक की लहर है। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *