जगदलपुर के नजदीक पहुंचा शेर, किया गाय का शिकार

० 20 मीटर दूर तक घसीट ले गया गाय के शव को 
जगदलपुर। शेर तेंदुआ जैसे हिंसक जंगली जानवरों की धमक अब जगदलपुर शहर के नजदीक तक सुनाई देने लगी है। शहर से महज 20 किलोमीटर दूर खेत में हिंसक वन्य प्राणी ने गाय का शिकार किया है। पंजों के निशान के आधार पर गाय का शिकार करने वाले जानवर के शेर होने का अनुमान लगाया जा है।
मामला शहर से मात्र करीब बीस किमी दूर स्थित जगदलपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कैका चेरबहार का है। कैकाचेरबहार के एक खेत में शुक्रवार की रात जंगली जानवर ने एक गाय को मार डाला। ग्रामीणों के अनुसार गाय पर शेर या तेंदुए ने हमला किया है। वन विभाग की टीम ने कैका चेरबहार क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। वन विभाग और ग्रामीणों ने घटना स्थल के आसपास पंजों के जो निशान देखे हैं, उसके आधार पर गाय का शिकार करने वाले जंगली जानवर के शेर होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल वन विभाग पदचिन्हों का अध्ययन कर रहा है। कैका चेरबहार में हुई यह घटना रात करीब करीब 9 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि गाय को शेर. ने मारा है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के दौरान गांव के नजदीक स्थित खेत से शेर के दहाड़ने और गाय के रिरयाने की बहुत आवाज सुनाई दे रही थी। कई ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि उन्होंने गांव से लगे जंगल में शेर को विचरण करते देखा है। बताया गया है कि जंगली जानवर ने गाय का शिकार खेत के एक हिस्से में किया था और शव को घसीटते हुए करीब बीस मीटर दूर मेड़ के नजदीक तक ले आया था। इस घटना के बाद कैका चेरबहार समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *