0 बरसात में गरीबों के घर उजाड़ना भाजपा सरकार की बर्बरता का प्रमाण : सुशील मौर्य
0 ग्राम नकटी के 85 घर ढहाए जाने के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस
जगदलपुर। रायपुर के नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए ग्रामीणों के घर ढहाए जाने के विरोध में बस्तर जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने जगदलपुर में बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा ग्राम नकटी के 85 परिवारों के आशियानों को इस भीषण वर्षाकाल में उजाड़े जाने के विरोध में उग्र प्रदर्शन कर किया गया।कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री साय का पुतला दहन किया। इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वर्षाकाल में 85 गरीब परिवारों के घरों को तोड़ना और उन्हें सिर छुपाने की जगह से महरूम कर बेघर कर देना भाजपा सरकार की दूषित, अमानवीय और तुच्छ राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जो सरकार जनता को आशियाना नहीं दे सकती, उसे दूसरों का आशियाना उजाड़ने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
श्री मौर्य ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इन पीड़ित ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।सुशील मौर्य ने आगे कहा इस अमानवीय कार्रवाई के विरोध में एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने भी कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को एक कड़ा पत्र लिखा है। हमारे विधायकों ने साफ संदेश दिया है कि जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिल जाता और उनके आशियाने वापस नहीं बन जाते, तब तक वे स्वयं विधायक आवास को स्वीकार नहीं करेंगे। विधायकों ने साफ कहा है कि ‘गरीबों का आशियाना उजाड़ कर, वे अपना आशियाना नहीं बनाएंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि भाजपा सरकार तत्काल ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करे। यदि पीड़ितों को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और उग्र करेगी। पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व सभापति कविता साहू, कोमल सेना, ग्रामीण अध्यक्ष महिला कांग्रेस चंपा ठाकुर, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, जाहिद हुसैन, अल्ताफ उल्ला खान, अमरनाथ सिंह, सुषमा सुता, अनुराग महतो, शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, फूलसिंह बघेल, सूर्यापाणि, संतोष सेठिया, ललिता राव,प्रवक्ता जावेद खान, विजेंद्र ठाकुर, विक्रांत सिंह, सचिव मोहसिन खान, सलीम अली, शंकर सेन, वैभव नेताम, पार्षद शुभम यदु, अफरोज बेगम, जस्टिन भवानी, कमलेश पाठक, ज्योति राव, आकिब रजा, सद्दाम रजा, मनिता राऊत,शेख अयाज साहिल हियाल, हेमंत, कर्तव्य आचार्य, ललित, इंदर झज्ज, राजा तिवारी, अनफाज खान, खीरेंद्र यादव, हनुमान द्विवेदी, अंगद त्रिपाठी सहित शहर जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जलता रहा पुतला, हंसती रही पुलिस
प्रदर्शन और पुतला दहन जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने किया गया। इस दौरान अप्रिय स्थिति से निपटने और पुतला दहन को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात था। मगर इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला धू धू जलता रहा और पुलिस हंसती रही। कांग्रेस के लोगों ने बांस, लकड़ी और पैरे से पुतला बनाया था। जैसे ही कांग्रेस नेताओं ने पुतले को आग के हवाले किया, पुलिस का एक जवान पुतला छीनने और उसे जलने से बचाने के लिए अकेले ही कांग्रेस के लोगों से भिड़ गया, मगर सड़क पर खड़े तीन पुलिस जवान हंसते हुए तमाशा देखते रहे। पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही और कर्तव्यहीनता का दृश्य हमारे कैमरे में कैद हो गया है। अब देखना है कि एसपी शलभ कुमार सिन्हा इन बेपरवाह पुलिस कर्मियों पर क्या एक्शन लेते हैं?