बर्थडे पार्टी बनी मौत की महफिल: विवाद के बाद कैंपर से कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ट्रांसपोर्टर की बर्थडे पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक युवक की कथित तौर पर कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना में दीपका के गरुणनगर निवासी उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी तुषार ढांढा वारदात के बाद वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा की जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में करीब 20 से 25 युवक शामिल हुए थे। देर रात नाच-गाने और शराब पार्टी के दौरान करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इसी विवाद के दौरान तुषार ढांढा ने गुस्से में कैंपर वाहन से उज्जवल सिंह को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी के दौरान शराब के नशे में विवाद हुआ था। पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *