

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति देने की दिशा में शुक्रवार को 7 करोड़ 82 लाख 21 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में आंतरिक चतुर्दिक सड़क निर्माण और माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 में नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की शुरुआत के साथ क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और आधुनिक सुविधाओं की सौगात मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मुणत, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
भूमिपूजन के तहत महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में 671.62 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़क निर्माण कराया जाएगा, जबकि माधव राव सप्रे वार्ड में 110.59 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। कुल 782.21 लाख रुपये की इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक राजेश मुणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आम नागरिक के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में बनने वाली सड़कें वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्याओं का स्थायी समाधान साबित होंगी, जबकि माधव राव सप्रे वार्ड में स्वीकृत विकास कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगे।
मुणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, उद्यान, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों सहित सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में कार्यों को पूरा कर जनता को समर्पित करना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों को लगातार मंजूरी मिल रही है।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर के संतुलित और योजनाबद्ध विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, वे स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेंगे और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद महादेव घाट–रायपुरा और माधव राव सप्रे वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आधुनिक नागरिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। भूमिपूजन के बाद विधायक राजेश मुणत और महापौर मीनल चौबे ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।