चिंतन नहीं चिंता का शिविर, फेयरवेल की तैयारी करे सरकार – कांग्रेस

रायपुर। भाजपा सरकार के मंत्रीमंडल के लिए चिंतन शिविर के आयोजन पर तंज कसते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि ढ़ाई साल के कुशासन में यह सरकार अलोकप्रिय हो चुकी है उसी चिंता में शिविर का यह सरकारी इवेंट आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता इस आततायी सरकार से छुटकारा पाने का मन बना चुकी है, चर्चा तो गुजरात पैटर्न में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों को बदलने का है, इस जन विरोधी सरकार को अपने फेयरवेल की तैयारी करनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है की बीमारी कहीं है, इलाज कहीं और ढूंढा जा रहा है? पहले भी इन मंत्रियों और भाजपा के सांसद विधायकों के प्रशिक्षण में जनता के धन का दुरुपयोग हुआ, न कार्यक्षमता बढ़ी न कुशलता। अयोग्य और अनुभवहीन मंत्रियों की अकर्मण्यता का नुकसान प्रदेश की जनता भोग रही है। आदिवासियों से जल, जंगल, जमीन छीने जा रहे है, संसाधनों की खुली लूट मची है, गरीबों के घरों में बुलडोजर चल रहे हैं, किसान खाद के लिए परेशान है, बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर से डकैती खुलेआम हो रही है, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार की स्थिति बदहाल है, सत्ता के संरक्षण में अवैध रेत, अवैध नशे का कारोबार, शराब में ओवररेटिंग, जुआ सट्टा ऐप खुलेआम चल रहा है, चिंतन शिविर के बजाय अपने मंत्रियों की विभागवार समीक्षा शिविर लगाए सरकार।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है की सरकार में बैठे लोगों को 2023 विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में मोदी की गारंटी के नाम पर की गई ठगी पर चिंतन करने की जरूरत है। 1 लाख सरकारी नौकरी, 500 रू. में गैस सिलेंडर, 100 दिन में अनियमित कर्मचारियों का नियमितिकरण, विद्यार्थियों को फ्री पास बेरोजगार युवाओं को भत्ता, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ, प्रत्येक ग्राम पंचायत में धान खरीदी के नगद भुगतान केंद्र खोलने का वादा था, मोदी की गारंटी बताएं थे आधे से ज्यादा कार्यकाल निकल चुका है, इस पर चिंतन कब होगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *