महापौर संजय पांडे की पहल से शहर को मिलेंगी नई सुविधाएं, निगम कार्यालय, वर्कशॉप, उद्यान और शेड निर्माण की तैयारी

जगदलपुर। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड में नए नगर निगम कार्यालय, आधुनिक वर्कशॉप, सार्वजनिक उद्यान और दो सामुदायिक शेड के निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण एवं चयन किया गया।

महापौर के साथ एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तथा निगम के अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी और राजस्व संबंधी पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान निर्माण कार्यों को जल्द शुरू करने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

प्रस्तावित नए नगर निगम कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा, ताकि नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न निगम सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

नगर निगम के वाहनों के रखरखाव के लिए आधुनिक वर्कशॉप भी विकसित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे कचरा संग्रहण सहित अन्य निगम वाहनों की समय पर मरम्मत और नियमित रखरखाव संभव होगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और नगर सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।

वार्ड में एक सार्वजनिक उद्यान और 25-25 लाख रुपये की लागत से दो शेड भी बनाए जाएंगे। उद्यान स्थानीय लोगों, बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए हरित एवं मनोरम वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि शेड का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नया निगम कार्यालय प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करेगा, आधुनिक वर्कशॉप से निगम के वाहनों का संचालन बेहतर होगा, उद्यान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा और नए शेड सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होंगे।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों के साथ नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर प्रवीण पोयम, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *