रागी उत्पादन का रकबा बढ़ा, 32 कृषकों को मिला लाभ

0  विभिन्न कृषि योजनाओं की दी गई जानकारी

बकावंड। कृषि विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) के अंतर्गत बकावंड ब्लॉक के किसानों में रागी उत्पादन के प्रति रूचि बढ़ रही है। इसी क्रम में ग्राम छोटेदेवड़ा एवं रायकेरा देवड़ा में 32 किसानों को रागी बीज का वितरण किया गया।कार्यक्रम में किसानों को खरीफ सीजन में फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करते हुए शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 की सदस्य खेमेश्वरी कश्यप ने किसानों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और पारंपरिक फसलों के साथ-साथ रागी, कोदो, कुटकी एवं अन्य मोटे अनाजों की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले खरीफ सीजन में धान की खेती करने वाले किसान यदि इस वर्ष धान के स्थान पर रागी, कोदो, कुटकी, मक्का, तिलहन, दलहन अथवा अन्य खरीफ फसलें लेते हैं तो उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता मिलेगी। वहीं पहले से इन फसलों की खेती कर रहे किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन सहित कृषि विभाग की अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी गई।अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, उत्पादन बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य खेमेश्वरी कश्यप, सरपंच लखमी कश्यप, संतोष कश्यप, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मोहन कश्यप तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गामन कुमार उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर रागी सहित अन्य खरीफ फसलों का रकबा बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *