

0 खेतों पर लगाए हाईटेंशन लाइन के टॉवर, सालभर से अटका मुआवजा
बकावंड। विकासखंड की आज ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा और बेडा ऊमरगांव के 60 किसान सालभर से मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। छोटे देवड़ा के सरपंच संतोष कुमार कश्यप और बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा की पहल पर इन किसानों को अब जल्द मुआवजा मिल जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छोटे देवड़ा और बेड़ा उमरगांव के दर्जनों किसानों के खेतों से होकर 400 केवी ट्रांसमिशन बिजली लाइन गुजरी है।. इसके लिए किसानों के खेतों में बड़े बड़े टॉवर लगाए गए हैं। इन टॉवरों की वजह से कृषि भूमि प्रभावित हुई है। किसानों की जमीन पर टॉवर तो लगा दिए गए, मगर उन्हें जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया। 60 किसान साल भर से मुआवजे के लिए भटक रहे थे। छोटे देवड़ा के युवा एवं जागरूक सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने मामले को गंभीरता से लिया। सरपंच श्री कश्यप इन 60 पीड़ित किसानों को साथ लेकर बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा के पास पहुंच गए। सरपंच संतोष कश्यप और किसानों ने एसडीएम श्री वर्मा को पूरी दास्तां सुनाई। एसडीएम ने सरपंच संतोष कुमार कश्यप और किसानों को आश्वस्त किया कि दो दिन के अंदर मुआवजे की राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करा दी जाएगी। एसडीएम के आश्वासन से किसानों के चेहरे चमक उठे। इस दौरान सरपंच संतोष कुमार कश्यप, मानसिंह कश्यप, जानी राम, गेनो बघेल, रविंद्र देवांगन, पांडेश्वर और दर्जनों किसान उपस्थित थे।