जशपुर में बड़ा सड़क हादसा: डायवर्जन पर पलटी यात्री बस, 10 घायल; महिला की हालत गंभीर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस डायवर्जन पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, श्री जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा जा रही थी। सुबह कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास बने डायवर्जन पर बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुनकुरी भेजा गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और डायवर्जन पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *