पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.5 करोड़ के गांजा तस्करी सिंडिकेट का सरगना यूपी से गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस ने करीब 4.5 करोड़ रुपये के गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और ओडिशा से गांजा की सप्लाई लेकर विभिन्न राज्यों में भेजा जाता था। आरोपी विनय शर्मा इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर बताया गया है।

मामले की शुरुआत 17 अप्रैल को पलसापाली बैरियर पर हुई थी, जब बसना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन (AP 39 TT 4556) को रोका था। जांच में वाहन के भीतर कच्चे केलों के नीचे छिपाकर रखी गई 29 बोरियों में 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख रुपये आंकी गई थी। मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए गए थे।

जांच में सामने आया कि यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लोड होकर उत्तर प्रदेश के शामली में पहुंचाई जा रही थी, जहां आरोपी विनय शर्मा इसका संचालन कर रहा था। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच के बाद पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में सफलता मिली।

इसके बाद बसना पुलिस की विशेष टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शामली न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया जा रहा है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी कई राज्यों में शराब, भांग और गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और 10 से अधिक ठिकानों के जरिए इस सिंडिकेट को संचालित करता था।

इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें अब्दुल नईम (कैरियर), रामकुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर (मिडिलमैन), रमाकांत बेहरा और बबूल नायक (सप्लायर) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *