खैरागढ़। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में यूरिया और डीएपी खाद की भारी कमी को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया है। ग्राम पैलीमेटा में बड़ी संख्या में किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि वितरण केंद्रों में लगातार खाद की कमी बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर कृषि कार्य पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
यह विरोध प्रदर्शन जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
इस आंदोलन को खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और पूर्व विधायक छन्नी साहू का भी समर्थन मिला। दोनों नेताओं ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से जल्द खाद आपूर्ति सामान्य करने की मांग की। विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन समय पर मिलना चाहिए, ताकि फसल उत्पादन प्रभावित न हो। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खाद की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।