० मिंगाचल नदी में चल रहा था अवैध रेत खनन
० विधायक मंडावी ने मौके पर बुलाया अफसरों को
० चेन माऊंटेन, जेसीबी और वाहन किए गए जप्त
(अर्जुन झा)जगदलपुर। यह कल्पना करना भी बेमानी है कि कोई जनप्रतिनिधि रात गहराने के बाद जन सामान्य की पीड़ा दूर करने, अवैध कार्यों पर लगाम लगाने निकल पड़ता है। खासकर बस्तर के दुरूह इलाकों के जनप्रतिनिधियों से ऐसी पहल की उम्मीद नहीं की जा सकती, क्योंकि भौगोलिक कारणों और मौजूदा हालातों के मद्देनजर रात में यहां घर से निकलना भी मुश्किल रहता है। मगर इस मिथक को तोड़कर रख दिया है बस्तर संभाग के बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने।विक्रम मंडावी आधी रात मिंगाचल नदी में जा धमके। वहां रेत का अवैध खनन चल रहा था। रात 1.30 बजे चैन माउंटेन मशीन एवं जेसीबी की मदद से नदी की रेत निकाली जा रही थी। विधायक विक्रम शाह मंडावी ने वहीं से फोन कर खनिज विभाग के अधिकारियों और थानेदार को मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने अवैध रेत खनन में लगी मशीनों और वाहनों को जप्त कर लिया।

बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी को लगातार सूचना मिल रही थी कि मिंगाचल नदी में रात गहराने के बाद रेत का अवैध उत्खनन किया जाता है। विधायक विक्रम मंडावी बीती रात करीब डेढ़ बजे अपने कार्यकर्ताओं और सुरक्षा दस्ते के साथ मिंगाचल नदी जा पहुंचे। तब वहां पर रेत का अवैध खनन जारी था। श्री मंडावी ने वहीं से राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग के अधिकारियों को फोन कर इसकी जानकारी दी और स्थल पर आकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जानकारी अनुसार जेसीबी मशीन और पोकलेन मशीन लगाकर नदी से रेत बेधड़क निकाली जा रही थी। रात भर ढुलाई कर रेत को डंप किया जा रहा था। सूचना मिलते ही खनिज अधिकारी एवं नेमेड टीआई मौके पर पंहुचे और वाहन जप्ती की कार्रवाई की गई। मौके से एक पोकलेन, एक जेसीबी और चार गाड़ियों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। विधायक विक्रम शाह मंडावी की इस सजगता और आधी रात की गई छापमार कार्रवाई की पूरे संभाग में बड़ी चर्चा हो रही है।