पेड़ पर गिरी गाज, लगी आग, 24 घंटे बाद भी धधक रहा है पेड़

०  घटना स्थल के आसपास मौजूद हैं कई मकान 
बकावंड। विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुआछोंड के रिहायशी क्षेत्र के एक पेड़ पर बीती शाम तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। गाज गिरते ही पेड़ पर आग लग गई। पेड़ अभी भी लगातार धधक रहा है। यह घटना गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे तेज बारिश, आंधी और बादल गरजने के दौरान हुई थी।

ग्रामीणों के अनुसार अचानक मौसम बिगड़ने के साथ तेज गर्जना हुई और बिजली एक हरे भरे पेड़ पर गिर गई। बिजली गिरते ही पेड़ में आग लग गई। हैरानी की बात यह है कि लगातार बारिश होने और एक पूरी रात बीत जाने के बावजूद आग बुझने के बजाय अंदर ही अंदर सुलगती रही और अब उसका प्रभाव और अधिक दिखाई दे रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि सामान्यतः बारिश के दौरान गिरी बिजली से लगी आग जल्द बुझ जाती है, लेकिन इस बार पेड़ का तना लगातार जल रहा है। पेड़ के भीतर से धुआं और तेज लपटें उठ रही हैं। आग धीरे-धीरे फैलती जा रही है। जिस पेड़ पर बिजली गिरने से आग लगी है उसके आसपास कई मकान भी हैं, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल है। घटना को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच रहे हैं। कई लोगों ने इसे प्रकृति का दुर्लभ दृश्य बताया, वहीं कुछ ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि यदि आग इसी तरह जारी रही तो आसपास के क्षेत्र में भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा आग को पूरी तरह बुझाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *